संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। शादी से चार दिन पहले युवती के अचानक लापता होने से परिवार के सदस्य परेशान हैं। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए थाना सरधना में शिकायत दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 25 वर्षीय बेटी की शादी 21 अप्रैल को तय थी। 17 अप्रैल की रात घर में शादी की तैयारियां और रस्में चल रही थीं। देर रात सभी लोग सो गए। 18 अप्रैल को करीब साढ़े तीन बजे जब परिवार का एक सदस्य घर पहुंचा तो युवती अपने कमरे में नहीं मिली। परिजनों का कहना है कि युवती का आधार कार्ड, शादी के लिए रखे गए गहने और नकदी भी घर से गायब मिली। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। परिवार ने आशंका जताई कि गांव का ही एक युवक, जिससे युवती की बातचीत होती थी, अपने किसी साथी के साथ मिलकर उसे अपने साथ ले गया है। परिजनों ने युवती की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। युवती की तलाश के लिए टीमें जुटी हैं।