संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव मऊखास में मामूली विवाद को लेकर गाली-गलौज व मारपीट करने, एक-दूसरे को चाकू व गोली मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो पक्षों के चार नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गांव मऊखास निवासी ऋतिक पुत्र सर्वेश ने तरुण पुत्र रामूभल के रिश्तेदार से पुरानी बाइक खरीदी थी। जिसमें कुछ पैसे एडवांस दे दिए थे और कुछ ऋतिक पर रह गए थे, जिन्हें ऋतिक लौटा नहीं पा रहा था। इसके चलते बात बिगड़ गई और विवाद हो गया। आरोप है कि जबरन तरुण, ऋतिक के घर से बाइक उठा लाया और उसने ऋतिक के पैसे भी नहीं लौटाए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कई दिनों से तनातनी चल रही थी। पहले दोनों पक्षों में गाली-गलौज व मारपीट हुई। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू व गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुंडाली थाने में तहरीर दी थी, जिसकी प्राथमिकी पुलिस द्वारा दर्ज कर ली गई थी।
सोमवार रात दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आ गए। मामूली पथराव भी हुआ। घटनास्थल पर पहुंची मुंडाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्वयं की तरफ से एक प्राथमिकी दर्ज करते हुए चार लोगों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद तीन आरोपियों पिंटू, कुलदीप और सर्वेश को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर आने के बाद मामले में दोनों पक्षों को समझाया गया था लेकिन सोमवार रात दोनों पक्ष दोबारा से बवाल करने पर आमादा हो गए।