फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: खेत पर काम करने गई महिला की गला घोंटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Mon, 17 Jun 2019 01:07 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
खेत में मिला महिला का शव व फाइल फोटो (दाएं ऊपर), सड़क जाम करते ग्रामीण - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के नवल गांव में रविवार को खेत में ईख की निराई करने गई महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। दोपहर तक भी घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की तो शाम को महिला का शव ईख के खेत में मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने खुलासे की मांग को लेकर देर रात किठौर-ललियाना मार्ग पर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया। पुलिस के अनुसार संपत्ति के विवाद सहित अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार नवल गांव निवासी शर्मिष्ठा (40) के पति दिनेश गुर्जर की चार माह पहले बीमारी से मौत हो गई थी। महिला दो बेटों के साथ गांव में रह रही थी। वह खेती का काम भी देखती थी। रविवार सुबह सात बजे शर्मिष्ठा ईख के खेत में निराई करने गई थी। दोपहर तक शर्मिष्ठा घर नहीं पहुंची तो दोनों बेटों ने उसकी तलाश शुरू की। 

मां की तलाश करते हुए बेटे और अन्य परिजन खेत तक पहुंचे। लेकिन कुछ पता नहीं चला। शाम के समय शर्मिष्ठा का शव सड़क किनारे ईख के खेत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। महिला की हत्या की सूचना पर एसपी देहात अविनाश पांडेय, सीओ किठौर आलोक सिंह और इंस्पेक्टर किठौर रोजंत त्यागी मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। 
विज्ञापन

एसपी देहात का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कुछ चीजें साफ हो जाएंगी। जिन पर पुलिस काम कर रही है। महिला के मरने का किसे सबसे अधिक फायदा मिलेगा, इस खास बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। 

पुलिस से तीखी नोकझोंक, नहीं उठने दिया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया। हत्या के खुलासे की मांग करते हुए सीओ किठौर और इंस्पेक्टर को घेर लिया। ग्रामीणों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। गुस्साए ग्रामीणों ने किठौर-ललियाना मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक महिला के हत्यारे नहीं पकड़े जाते, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा। 

ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एसपी देहात और सीओ ने परिजनों और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर किठौर रोजंत त्यागी का कहना है कि तहरीर के आधार पर अज्ञात में केस दर्ज कर लिया गया है।
विज्ञापन

गले पर मिले चोट के निशान
पुलिस के अनुसार महिला के शव के पास ही उसकी चुनरी और लोहे की खुरपी पड़ी मिली। महिला की चप्पल भी शव से अलग-अलग दूरी पर पड़ी मिली। पुलिस के अनुसार महिला के गले पर चोट के निशान मिले हैं। किसी रस्सी या चुनरी से महिला को गला घोंटकर मारा गया है। जिस स्थान पर महिला की हत्या की गई है वहां ईख भी टूटी मिली। महिला के चेहरे पर खून भी लगा हुआ था। माना जा रहा है कि महिला ने बचाव में काफी संघर्ष किया। वहीं, पुलिस दुष्कर्म की आशंका से इंकार कर रही है।

परिवार से जुड़ा बताया गया हत्यारोपी
एसपी देहात अविनाश पांडेय का कहन है कि महिला के पति के नाम पर 14 बीघा जमीन बताई गई है। महिला का एक बेटा 17 साल तो दूसरा 15 साल का है। खोजी कुत्ता भी मौके पर भीड़ के आसपास ही घूमता रहा। माना जा रहा है कि महिला का हत्यारोपी परिवार से जुड़ा हुआ है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें