संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। क्षेत्र के कालंदी गांव निवासी गीता देवी ने ट्यूबवेल में हिस्सेदारी के विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर घर में घुसकर गाली-गलौज, धमकी देने और जान का खतरा पैदा करने का आरोप लगाया है। महिला ने एसडीएम को शिकायत पत्र देकर अपने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गीता देवी ने बताया कि गांव के खेतों में स्थित एक ट्यूबवेल में उसकी हिस्सेदारी है। आरोप है कि सहखातेदारों में शामिल एक व्यक्ति ट्यूबवेल पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है और उस पर हिस्सेदारी छोड़ने का दबाव बना रहा है। महिला का कहना है कि 30 मई की शाम आरोपी उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत उसने संबंधित पुलिस चौकी पर की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि मंगलवार की सुबह आरोपी फिर फावड़ा लेकर उसके घर पहुंचा और पूर्व में की गई शिकायत को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकियां दीं। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी सोशल मीडिया स्टेटस और फोन के माध्यम से भी उसे और उसके बच्चों को धमका रहा है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने राजस्व टीम व थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।