मेरठ। प्लॉट बेचने के नाम पर चार लोगों ने महिला से 16 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि धोखाधड़ी में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी भी शामिल थे। पीड़िता ने एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइन थाने में चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सूरजकुंड निवासी राजकुमारी ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह घर बनाने के लिए प्लॉट तलाश कर रही थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात मेडिकल क्षेत्र के शेरगढ़ी निवासी प्रॉपर्टी डीलर आकाशदीप से हुई। आकाशदीप के ऑफिस पर किठौर निवासी फरीद बैठता है। इन लोगों ने शेरगढ़ी में एक प्लॉट दिखाकर उसका मालिक दिल्ली के वजीराबाद निवासी शाहिद अली और न्यू जाफराबाद निवासी मोहम्मद यासीन सैफी को बताया। प्लॉट के कागजात भी इन लोगों ने दिखाए। विश्वास करके राजकुमारी ने 16 लाख रुपये में एक जनवरी 2022 को प्लॉट का बैनामा करा लिया।
इसके लिए फुलर्टन फाइनेंस कंपनी से 11 लाख रुपये का लोन भी लिया। फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने लोन देने से पूर्व सभी कागजातों की जांच की थी। आरोप है कि फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी आरोपियों से मिले हुए थे। उनसे मिलकर उन्हें लोन में फंसा दिया। वह प्लॉट की नींव भरवाने पहुंची तो सरायकाजी निवासी सोनू ने उन्हें रोक दिया। प्लॉट को अपना बताया। उन्होंने आकाशदीप और फरीद से बात की तो वह टालमटोल करने लगे। शाहिद अली और मोहम्मद यासीन से बात की तो उन्होंने रुपये जल्द लौटाने का आश्वासन दिया था। बाद में उन्होंने रुपये लौटाने से साफ इन्कार कर दिया। कोई कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।