मेरठ में मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर इलाके में शनिवार रात एक युवक ने घर में घुसकर दसवीं की छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी भाग गया। इसके बाद परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया।
शास्त्रीनगर से सटे सरदार पटेलनगर निवासी एक 16 वर्षीय छात्रा अंबेडकर इंटर कॉलेज में दसवीं की पढ़ाई कर रही है। छात्रा का आरोप है कि पड़ोसी युवक कई दिन से उसे परेशान कर रहा है। शनिवार रात छात्रा अपने घर पर थी। जबकि उसके परिजन दूसरे कमरे में थे। इस बीच पड़ोसी युवक सोनू दीवार फांदकर घर में घुस गया और छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं। छात्रा और उसके परिजनों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो वह हाथापाई कर भाग निकला। सूचना पर एसओ मेडिकल मोहम्मद असलम मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह पीड़ित लोग मेडिकल थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
एसओ मेडिकल ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर आरोपी सोनू पुत्र शंकरलाल के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉस्को एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी शादीशुदा है।