जानीखुर्द। थाना क्षेत्र के लोहड्डा और नंगला जमालपुर के जंगल से अज्ञात बदमाशों ने कई सौ मीटर विद्युत लाइन के तार काट कर चोरी कर लिए। चोरी गए तारों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
नंगला जमालपुर गांव के किसानों की ट्यूबवेलों तक बिजली सप्लाई करने के लिए नई विद्युत लाइन दो वर्ष पूर्व बनाई गई है। दिन में नंगला जमालपुर, किठौली आदि गांव के किसान खेतों में टयूबवेल चलाने पहुंचे तो बिजली आपूर्ति ठप मिली। किसानों ने जांच की तो पता चला कि सोमवार रात चोरों ने कई सौ मीटर विद्युत खंभों से लाखों रुपये का बिजली का तार चोरी कर लिया। घटना की जानकारी किसानों ने विद्युत निगम के अधिकारियों और पुलिस को दी है। दूसरी ओर गांव लोहड्डा के जंगल से भी चोरों ने करीब 800 मीटर विद्युत लाइन से तार चोरी कर लिया। विद्युत निगम और पुलिस घटना की जानकारी कर कार्रवाई में जुट गई है। बिजली के तार चोरी होने से कई दर्जन किसानों के सामने अपनी फसलों को पानी देने का संकट गहरा गया है।