- राधा गोविंद पब्लिक स्कूल में चल रही चैंपियनशिप का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। राधा गोविंद पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का मंगलवार को रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ समापन हो गया। अलग-अलग वर्गों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष योगेश त्यागी रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और खेल भावना की सराहना की। इस दौरान बताया गया कि विजेता खिलाड़ी निर्धारित नियमों एवं पात्रता के अनुसार आगे एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपने विद्यालय/राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं, पात्रता पूरी करने वाले व्यक्तिगत स्पर्धाओं के स्वर्ण पदक विजेताओं को आगे खेलो इंडिया गेम्स जैसे बड़े राष्ट्रीय मंच पर प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सकता है। विद्यालय प्रबंधन से अनुभा त्यागी एवं सुगंधा त्यागी और विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता कश्यप ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सीबीएसई ऑब्जर्वर संजय कुमार शर्मा, सीबीएसई टेक्निकल ऑब्जर्वर अजय चौहान, मैच कंट्रोलर संदीप चौधरी, डिप्टी रेफरी सजल जैन, मेरठ बैडमिंटन एसोसिएशन के जिला सचिव राजेश चौधरी, रेफरी सान्याल एवं जिला संयुक्त सचिव विशेष काकरान के साथ सभी प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं रेफरी, तकनीकी टीम सहित अन्य सहयोगियों का आभार जताया गया।
अंतिम दिन हुए मुकाबलों के परिणाम
बालक अंडर-14 एकल में अर्जुन सिंह राघव ने अथर्व चौहान को 16-14, 16-15 से हराया। बालिका अंडर-14 एकल : हृदयेशा सरकार ने ट्विंकल मलिक को 15-9, 15-7 से पराजित किया। बालक अंडर-17 एकल में नितिन प्रकाश रामासामी ने वेदांत पाहवा को 15-13, 15-8 से हराया। बालक अंडर-19 एकल: प्रिधव श्याम ने प्रिंस को 15-9, 15-10 से मात दी। बालक अंडर-14 युगल में अर्जिथ एवं निमेश राज की जोड़ी ने आरव एवं आरव नेगी की जोड़ी को 17-15, 15-7 से पराजित किया। बालिका अंडर-17 युगल में जान्या श्रीवास्तव एवं प्रियंका गौतम की जोड़ी विजेता रही। बालक अंडर-17 युगल में देवेंद्र सिंह ठाकुर एवं प्रखर जैन की ने वॉकओवर के माध्यम से खिताब अपने नाम किया। बालिका अंडर-19 एकल में अदर्शिनी ने सृजा को 15-3, 15-4 से हराया।
बालिका अंडर-14 युगल में आशी दीक्षित एवं नव्या दास की जोड़ी ने अनिका सैनी एवं भाविका श्योरान की जोड़ी को 15-6, 15-7 से हराया। बालिका अंडर-17 एकल में अनुश्री शाइन ने नबीहा शरीफ को 15-3, 17-15 से पराजित किया। बालिका अंडर-19 युगल में साई अक्षरा एवं सुमेधा श्रीनिवास की जोड़ी ने पलक यादव एवं संघमित्रा गौतम को 15-10, 15-10 से मात दी। बालक अंडर-19 युगल में अरमान खान एवं मानन मारू की जोड़ी ने पार्थ गौरी एवं स्पर्श सूद की जोड़ी को 15-9, 19-17 से हराकर खिताब जीता।