मेरठ। अयोध्या प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने से पहले पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस लाइन में शनिवार को एसएसपी ने मुस्लिम वर्ग के गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक की। कहा गया कि न्यायालय का जो भी फैसला आएगा उस पर किसी भी प्रकार की कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी जाएगी। गण्यमान्य लोगों ने कहा कि जो भी फैसला आएगा उसका सम्मान करेंगे। शहर का माहौल नहीं बिगड़ने देंगे।
एसएसपी अजय साहनी ने कहा कि अयोध्या प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आना है। इससे पहले यह पहली बैठक है जिसमें सभी से शांति की अपील की गई है। बैठक में मौजूद शहर काजी और अन्य लोगों ने कहा कि शहर ही नहीं, प्रदेश और पूरे देश में अमन चैन का माहौल रहेगा। सभी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करेंगे। फैसला किसी के भी पक्ष में आए, उसका सम्मान किया जाएगा। जो भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे उस पर कठोर कार्रवाई की जाए। धर्मगुरुओं ने कहा कि जिले में जितनी भी मस्जिदें हैं, उन सभी से भी ऐलान करके सुप्रीम कोर्ट के फैसले को स्वीकार करने की अपील की जाएगी। बैठक में नायब शहर काजी, कस्बों और थाना क्षेत्रों से प्रमुख मुस्लिम धर्मगुुरु और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सोशल मीडिया की रहेगी निगरानी
एसएसपी ने बताया कि अयोध्या फैसले के मद्देनजर कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिये माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं। सोशल मीडिया की निगरानी के लिए साइबर क्राइम की चार टीमें बनाई हैं। इसमें एक-एक इंस्पेक्टर और दस कांस्टेबलों को रखा गया है।
व्हाट्स एप ग्रुप और कमेटियां बनेंगी
एसएसपी ने कहा कि शांति समितियां गठित होंगी। इनके व्हाट्स एप ग्रुप बनेंगे। एक मुख्य व्हाट्स एप ग्रुप रहेगा। इसमें एसएसपी, शहर काजी सहित प्रमुख लोग शामिल रहेंगे। अयोध्या प्रकरण से जुड़ा हर अपडेट इन ग्रुपों में रहेगा। कहीं कोई हलचल होते ही सभी लोग ग्रुप में सूचना डालेंगे।
यह अच्छी पहल: शहर काजी
सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, उसका हम स्वागत करेंगे। कोई ऐसा प्रयास नहीं करेगा, जिससे शहर की फिजां खराब हो। जिले में शांति कमेटियां बनेंगी, वे अमन कायम रखने का संदेश देंगी। पुलिस की यह अच्छी पहल है। - प्रो. जैनुस साजिद्दीन, शहर काजी
हम पुलिस-प्रशासन के साथ
पुलिस द्वारा इस बैठक में जिले के गण्यमान्य लोगों को बुलाना अच्छा कदम है। कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, उसका स्वागत होगा। हम मुस्लिमों से अपील करते हैं कि वह अमन चैन कायम रखें। हम शहर का माहौल किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने देंगे। हम पुलिस-प्रशासन के साथ हैं।
- कारी शफीकुर्रहमान कासमी, जिलाध्यक्ष ऑल इंडिया मिल्ली कौंसिल