मेरठ। रेलवे यात्रियों को डिजिटल इंडिया की ओर ले जाने का प्रयास कर रहा है। जिससे घर बैठे ही यात्री टिकट बुक कर सकें। हालांकि, पहले से ही आरक्षण टिकट की बुकिंग ऑनलाइन की जा रही है। अब इसे अनारक्षित टिकट में भी लागू कर दिया गया है। ‘यूटीएस’ एप की मदद से अनारक्षित टिकट को बुक किया जा सकता है। जिससे आप आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं। इस प्रक्रिया को बताने के लिए रेलवे अभियान चला रहा है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले रेलवे ने स्टेशनों पर अभियान चलाकर यूटीएस एप के बारे में जानकारी दी थी। अब एक बार फिर यात्रियों को जागरूक करने के लिए 15 सितंबर तक अभियान चलाया जाएगा। वाणिज्य पर्यवेक्षक अलका शर्मा ने बताया कि सिटी स्टेशन पर यात्रियों को यूटीएस एप के बारे में जानकारी दी जाएगी। इससे यात्री आसानी से अनारक्षित टिकट ऑनलाइन बुक कर सकें। इस एप की मदद से प्लेटफॉर्म टिकट, मासिक पास आदि भी किए जा सकते हैं। इसमें रेलवे ने ‘ए’ और ‘ए-1’ श्रेणी के स्टेशनों को शामिल किया है। मेरठ का सिटी स्टेशन ‘ए’ श्रेणी का स्टेशन है।