- लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में हुई अनैतिक संबंध का विरोध करने पर की वारदात
- लूट की झूठी कहानी गढ़ी, बाद में रोने का नाटक किया, आरोपी ने बेटियों से कहा, पुलिस अंकल पूछे तो कहना घर में चोर आए थे
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीदनगर में शुक्रवार सुबह तीन बेटियों की मौजूदगी में कौसर (27) की उसके पति साकिब ने पेपर कटर से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए लूट का विरोध करने पर हत्या की झूठी कहानी रची। शक होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया। आरोपी पुलिस के सामने रोने का नाटक करता रहा। वहीं, कौसर के भाई मुर्सलीम ने साकिब पर दूसरी महिला से अनैतिक संबंध का आरोप लगाया और इसके विरोध में हत्या करने की बात कही।
जानी बुजुर्ग निवासी मुर्सलीम ने बताया कि सात भाई बहनों में कौसर सबसे छोटी थी। उसका निकाह सात वर्ष पूर्व साकिब से हुआ था। मजीदनगर के बशीर का खेत के पास कौसर अपने पति साकिब और तीन बेटियों सानिया (5), कुलसुम (3) और इनाया (डेढ़ वर्ष) के साथ रह रही थी। वह इसरार के मकान की पहली मंजिल पर किराये पर रह रहे थे। कौसर के पड़ोसियों ने उनके परिजनों को शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे सूचना दी कि कौसर की गला काटकर हत्या कर दी गई है। इधर, सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी ने खून से सने हाथ घर में धोए थे। पुलिस को खून के निशान वहां दिखे। घर का मुख्य दरवाजा बंद था। छत के रास्ते किसी बाहरी व्यक्ति के भी आने की आशंका नहीं थी। मुर्सलीम ने अवैध संबंध का विरोध करने पर साकिब पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। साकिब और मकान मालिक से गहनता से पूछताछ की गई।
बयान बदलने पर गहराया शक
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने भी मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। उन्होंने बताया कि साकिब मोबाइल टावर लगाने और ई-रिक्शा चलाने का काम करता है। उसने पहले बताया कि वह ई-रिक्शा लेकर मंडी चला गया था। फिर उसने बताया कि वह पास ही रहने वाली बहन के यहां चला गया था। मंडी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बहन के घर पूछताछ की तो साकिब की ये बातें झूठीं निकलीं। इससे उस पर शक गहराया और सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने ही पत्नी की गला रेतकर हत्या की है। आरोपी के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई।
सोते हुए रेता गला और फैला दिया घर का सामान
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार रात गर्मी के कारण साकिब का परिवार कमरे के बाहर टीन शेड में सोया था। सुबह लगभग छह बजे कौसर छोटी बेटी इनाया को लेकर कमरे में चली गई। इसके बाद साकिब भी कमरे में गया और दंपती में विवाद हुआ। कुछ देर बाहर लेटने के बाद उसने कमरे में जाकर देखा तो कौसर सो गई थी। इसी दौरान साकिब ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने घर का सामान फैला दिया, जिससे ऐसा लगे कि घर में लूटपाट हुई है और विरोध करने पर हत्या की गई है। साकिब के किसी महिला से अवैध संबंध थे, इसका कौसर विरोध करती थी। कई माह से उनमेें विवाद चल रहा था।
बेटियों से कहा, बाजार जा रहा हूं
साकिब ने हत्या के बाद बेटियों से कहा कि वह बाजार जा रहा है। उसने यह भी कहा कि पुलिस अंकल पूछें तो कह देना कि चोर आ गए थे। उसके कहे अनुसार ही बेटियों ने मकान मालिक इसरार से नीचे आकर कहा कि पापा को कॉल कर दो। इसरार ने कॉल कर बात कराई तो बेटियोें ने कहा कि पापा जल्द घर आ जाओ। कुछ देर में ही साकिब घर पहुंचा तो उसने फिर हत्या का शोर मचा दिया।
-