मेरठ। प्रेमी के लिए पति को तलाक दे दिया, इसके बाद भी प्रेमी ने धोखा दिया। पांच साल तक निकाह का झांसा देने के बाद प्रेमी ने दूसरी युवती से शादी कर ली। पीड़ित महिला ने भावनपुर थाने में शिकायत की। पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर उसने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई।
मुंडाली निवासी एक महिला बृहस्पतिवार को अपने दो बच्चों के साथ भावनपुर थाने पहुंची। उसने बताया कि अब्दुल्लापुर निवासी युवक उसे निकाह करने का झांसा देकर ले गया था। युवक के कहने पर उसने पति को तलाक दे दिया। बीते पांच साल से वह प्रेमी के साथ रह रही थी। निकाह करने की बात पर वह कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता था। 16 जनवरी को युवक ने दूसरी युवती से निकाह कर लिया। महिला का आरोप है कि प्रेमी ने निकाह का झांसा उसके पांच लाख रुपये हड़प लिए, जो उसे पति से तलाक लेने पर बतौर समझौता मिले थे। सीओ सदर देहात अखिलेश भदौरिया का कहना है कि पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।