संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने अपनी पत्नी और एक युवक पर उसके साथ मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी। आरोप है कि उसकी पत्नी काफी समय से किसी अन्य युवक से फोन पर बातचीत करती थी, जिसका वह विरोध करता रहा और पत्नी को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि दो सितंबर की रात करीब ढाई बजे उसकी आंख खुली तो उसने अपनी पत्नी को आरोपी युवक आसिफ के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। आरोप है कि जब वह परिवार के अन्य लोगों को बुलाने के लिए जाने लगा तो पत्नी और आसिफ ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने उसकी जान लेने की नीयत से उसके गले में चुन्नी डालकर फंदा लगाने का प्रयास किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर पिता और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्हें आता देखकर आसिफ जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।