अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार ने चुनाव में रिवाल्वर जमा न कराने के लिए मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर आवेदन किया है।
विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी बी. चंद्रकला ने सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों को नोटिस जारी कर शस्त्र जमा कराने के लिए आदेश थाना प्रभारियों को दिए हैं। इसके बाद सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के शस्त्र लाइसेंस धारकों को नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। इस दौरान जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में शस्त्र जमा कराने का काम शुरू भी कर दिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार टीपीनगर थाना क्षेत्र के मुलतान नगर में रहते हैं। उनके पास रिवाल्वर का लाइसेंस है। प्रवीण कुमार को भी शस्त्र जमा करने का नोटिस जारी हुआ है। जिस पर प्रवीण कुमार कलक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम सिटी मुकेश चंद्र से मुलाकात कर उन्हें शस्त्र जमा करने से छूट के लिए आवेदन पत्र दिया।
प्रवीण कुमार के इस आवेदन पर एडीएम ने नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया। आवेदन पत्र में पीके ने बताया कि वह किसी राजनीतिक गतिविधि से जुड़े हुए नहीं हैं। अक्सर उन्हें बाहर आना-जाना होता है। ऐसे में सुरक्षा के लिए उन्हें अपना लाइसेंसी शस्त्र साथ रखना होता है।