- जल्द ही अन्य टीमों की ओर से जारी की जा सकती है सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। यूपी टी-20 लीग के लिए जहां ट्रायल की प्रक्रिया चल रही हैं, वहीं कुछ टीमों की ओर से खिलाड़ियों को चौथे सत्र के लिए रिटेन भी करना शुरू कर दिया गया है। सबसे पहले गोरखपुर लायंस की ओर से रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है। इसमें टीम की ओर से मेरठ के हरदीप सिंह को रिटेन किया गया है।
यूपी लीग में मेरठ मेवरिक्स, काशी रुद्राक्ष, कानपुर, लखनऊ, नोएडा और गोरखपुर लायंस टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों की ओर से 12-12 खिलाड़ी रिटेन किए जा रहे हैं। इसमें गोरखपुर लायंस की ओर से सबसे पहले रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है। इसमें मेरठ के विक्टोरिया पार्क में प्रशिक्षण लेने वाले हरदीप सिंह को टीम की ओर से चौथे सत्र के लिए रिटेन किया गया है।
हरदीप सिंह बल्लेबाज हैं और लगातार टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करते आ रहे हैं। टीम की ओर से आर्यन जुयाल, हरदीप सिंह, विशाल निषाद, यश दयाल, सिद्धार्थ यादव, निशांत कुशवाह, अंकित चौधरी, तीरथ सिंह, प्रिंस यादव, शिवम शर्मा, स्पर्श जैन और वासु को रिटेन किया गया है। अब अन्य टीमों की ओर से भी जल्द ही रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी की जा सकती है। यूपी लीग में मेरठ से समीर रिजवी, भुवनेश्वर, शुभम मिश्रा, अंकित राजपूत, रितुराज शर्मा, अंकित शर्मा समेत कई खिलाड़ी टूर्नामेंट का हिस्सा हैं।
29 और 30 को होंगे काशी रुद्राक्ष के ट्रायल
मेरठ मेवरिक्स के बाद गोरखपुर लायंस और अब काशी रुद्राक्ष की ओर से भी ट्रायल की तिथियां जारी कर दी गई हैं। वहीं, इसे लेकर मेरठ के खिलाड़ियों की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। ट्रायल में मेरठ से काफी संख्या में खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू होने वाला है। हाल ही में मेरठ मेवरिक्स की ओर से भामाशाह क्रिकेट मैदान में कराए गए ट्रायल में 500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। गोरखपुर की ओर से 26 जून को गोरखपुर और अयोध्या में ट्रायल होंगे। काशी रुद्राक्ष की ओर से 29 और 30 जून को वाराणसी में ट्रायल होंगे। यह ट्रायल सिगरा स्टेडियम में होंगे। इसमें मेरठ से भी काफी संख्या में खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराए हैं। गढ़ रोड स्थित हनी क्रिकेट एकेडमी के कोच दीपक सिद्धू और पंचवटी क्रिकेट एकेडमी के उमेश कुमार, युवा क्रिकेट एकेडमी से सनी, प्रभास राजू आदि ने बताया कि उनकी एकेडमी से काफी संख्या में क्रिकेटरों ने इन टीम में ट्रायल देने के लिए पंजीकरण कराया है।