मवाना रोड स्थित पैराडाइज मंडप में मुस्लिम मंगेतर से शुक्रवार को होने वाली हिंदू युवती की शादी की जगह अब हिंदू महापंचायत होगी। हिंदू सुरक्षा संगठन के वहां सुबह से ही पहुंचने लगेंगे। शादी वाले मंडप में इस हिंदू महापंचायत के एलान का गाजियाबाद के हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी चौधरी ने भी समर्थन किया है। हिंदू संगठनों के रुख को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए हैं।
गंगानगर में समुदाय विशेष के युवक से शादी करने के मामले में अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के पदाधिकारियों ने पैराडाइज मंडप में हिंदू महापंचायत का एलान कर पुलिस की पेशानी पर बल डाल दिया है। पुलिस प्रशासन के साथ ही खुफिया विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है। इस घटनाक्रम से जुड़ी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। हिंदू युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाकर शादी का आरोप लगाने वाले अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने मंडप में हिंदू महापंचायत का एलान किया है। सिरोही ने बताया कि पैराडाइस मंडप में शुक्रवार की दोपहर तीन से पांच बजे तक महापंचायत की जाएगी। इसमें सनातन के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ दूसरे धर्म के लोगों की ओर से हिंदू लड़कियों के कराए जा रहे धर्मांतरण पर मंथन किया जाएगा। हिंदू महापंचायत की जानकारी फेसबुक पेज के अलावा इंस्टाग्राम और ट्विटर हैंडल पर भी वायरल कर दी गई है। सचिन सिरोही ने कहा कि हिंदू धर्म को बदनाम करने की साजिश को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। एसएसपी अविनाश पांडेय का कहना है कि जहां पर महापंचायत की बात कही जा रही है, वहां सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की तैनात रहेगी।
हिंदू महापंचायत को सफल बनाने की सोशल मीडिया पर अपील
मेरठ। गाजियाबाद के हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ पिंकी चौधरी ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर वायरल किया है। उन्होंने मेरठ पहुंचकर महापंचायत में शामिल होने की लोगों से अपील की है।
सिरोही मेरा पीछा छोड़ दो, शादी हो जाने दो
मेरठ। हिंदू महापंचायत को लेकर सचिन सिरोही ने बृहस्पतिवार को फेसबुक पर लाइव किया। उन्होंने महापंचायत में अधिक से अधिक लोगों के पहुंचने की बात कही। इस पर हिंदू युवती के मुस्लिम मंगेतर शावेज राणा ने अपने कमेंट्स में लिखा है -सिरोही, प्लीज मेरा पीछा छोड़ दो, मेरी शादी हो जाने दो।
मंडप में महापंचायत से पैराडाइज प्रबंधन का इन्कार,शादी बुकिंग की अग्रिम रकम वापस
मेरठ। पैराडाइज मंडप के स्वामी सतीश कुमार मंगा ने शुक्रवार को मंडप में हिंदू महापंचायत की जानकारी से इन्कार किया है। देर शाम बताया कि शुक्रवार को शादी की बुकिंग न होने की वजह से मंडप पूरी तरह से बंद रहेगा। मुस्लिम मंगेतर से शादी के लिए हिंदू युवती पक्ष ने जो अग्रिम रकम जमा की थी, वह उनको वापस कर दी गई है। युवती से एडवांस वापसी का लिखित स्टेटमेंट भी ले लिया है। युवती ने बताया 4.50 लाख रुपये में मंडप बुक हुआ था। पैराडाइज प्रबंधन ने 50 हजार रुपये काट कर 4.20 लाख रुपये वापस किया है। संवाद
शावेज राणा को ही बनाउंगी जीवन साथी, शादी कर के रहूंगी
मेरठ। शादी कैंसिल होने के बाद युवती ने हिम्मत नहीं हारी है। अमर उजाला को फोन पर उसने बताया कि हिंदू संगठनों और बेवजह सिर-पांव पटकने वालों की उसे कोई परवाह नहीं है। कहा कि- मैंने अपना जीवन साथी चुन लिया है। शादी शावेज राणा से कर के ही दम लूंगी। शादी कब और कहां होगी, इस पर उसका कहना था कि तारीख भी जल्द ही तय कर ली जाएगी।
पैराडाइज मंडप बंद रहा तो सड़क पर करेंगे महापंचायत
मेरठ। अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने बताया कि शुक्रवार को होने वाली महापंचायत मेें उत्तराखंड और आसपास के जिलों के लोग भी शामिल होने आ रहे हैं। मंडप प्रबंधन की ओर से ऐसी किसी पंचायत की जानकारी से इन्कार करने की बात पर सिरोही ने कहा कि अगर मंडप बंद रहा तो वह सड़क पर महापंचायत करेंगे। संवाद