लावड़(मेरठ)। मोहल्ला बड़ा मंदिर में टंकी का पानी लाल आने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। मामले की जानकारी नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और एसडीएम सरधना को दी गई। एसडीएम और ईओ ने मौके पर पहुंचकर लोगों को आश्वासन देकर शांत कराया।
लावड़ कस्बे के मोहल्ला बड़ा मंदिर में शनिवार को दर्जनों घरों में सुबह के समय टंकी से घरों में पानी सप्लाई किया गया तो उस दौरान पानी लाल आया। पहले तो लोगों ने इसे अनदेखा किया, लेकिन करीब 20 मिनट तक पानी लाल आता रहा। इससे नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर नगर पंचायत के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में मामले की जानकारी एसडीएम को दी गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम व ईओ ने लोगों को आश्वासन दिया। इस संबंध मेेें लावड़ नगर पंचायत के ईओ सुधीर सिंह ने बतया कि पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इस दौरान मनोज गोयल, मोहन सैनी, प्रवीन बजरंगी मौजूद रहे।