फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: मालकिन पर तानी पिस्टल तो बदमाशों पर टूट पड़ी जिनी, नहीं कर पाए लूट

Mon, 16 Jan 2023 09:15 AM IST
मेरठ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ के विजय नगर में सर्राफ के घर लूट करने पहुंचे बदमाशों पर मकान मालिक टूट पड़ी। मकान मालिक ने पिस्टल दिखाते हुए बदमाशों को वहां से भगा दिया।
विज्ञापन
सराफ का परिवार व जिनी - फोटो : Amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विजय नगर में वफादार पालतू कुतिया जिनी ने सराफा कारोबारी विजयवीर रस्तौगी के घर पर लूट की वारदात होने से बचा ली। रविवार शाम 7:12 बजे यहां चार बदमाश आए। इनमें एक युवती भी थी। इन्हाेंने मास्क लगा रखा था। युवती से दरवाजा खुलवाने के बाद एक बदमाश ने कारोबारी की पुत्रवधू आकांक्षा पर पिस्टल तान दी। मालकिन को खतरे में देख जिनी उन पर टूट पड़ी। इसके चलते पांच मिनट में ही बदमाशों को यहां से खाली हाथ भागना पड़ा। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन




कॉलोनी के गली नंबर एक में रहने वाले निवासी विजयवीर के परिवार में उनकी पत्नी सुधा गुप्ता, बेटे अंकित रस्तौगी, उनकी पत्नी अदिति, बेटा आदि एवं बेटी मिष्टी के अलावा अंकित के भाई वियास और उनकी पत्नी आकांक्षा रहते हैं। वियजवीर राष्ट्रीय हिंदी परिषद के संगठन महामंत्री हैं। उनकी शहर सर्राफा बाजार में रामकुमार विजयवीर के नाम से ज्वेलर्स की दुकान है। शाम को तीनों पिता-पुत्र दुकान पर थे।

परिवार के मुताबिक रविवार शाम उनके घर पर एक युवती के साथ दो लोग आए। उन्होंने दरवाजे की घंटी बजाई। आकांक्षा दरवाजा खोलने आई। उनके साथ जिनी भी दरवाजे पर आ गई। युवती ने आकांक्षा से किराए पर मकान के बारे में पूछा तो उन्होंने मना कर दिया। इसी बीच तीसरा व्यक्ति आया और उसने आकांक्षा की कनपटी पर पिस्टल तान दी और घर के अंदर घुसने की कोशिश की। यह देख जिनी ने बदमाशों पर झपट्टा मार दिया। इसके बाद बदमाश भाग निकले। बताया जा रहा है कि उनका एक अन्य साथी गली के कोने पर खड़े होकर रेकी कर रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही विजयवीर और उनके दोनों पुत्र घर पहुंचे। उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटना के बारे में पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरे खंगाले। बदमाश कैमरे में कैद हो गए। पुलिस ने फुटेज लेकर उनकी तलाश शुरू कर दी। इसके बाद कैंट विधायक अमित अग्रवाल सहित कई व्यापारी सराफ के घर पहुंचे। उन्होंने जिनी की वफादारी को सराहा और पुलिस से बदमाशों को जल्द गिरफ्त में लेने की मांग की।
विज्ञापन


शाबाश जिनी...वफादारी ने जीता सबका दिल
जिनी की वफादारी ने परिवार के लोगों का दिल जीत लिया। हर किसी की जुबान पर सिर्फ एक ही बात थी कि जिनी ने घर लुटने से बचा लिया। परिवार के सदस्यों ने हर जिनी को कई बार दुलारा। परिजनों ने उसे कई बार अपने गले भी लगाया। सराफ ने बताया कि तीन साल पहले ही गोल्डन रिट्रीवर नस्ल की इस कुतिया को खरीदा था। घर आने के बाद उसका नाम जिनी रखा गया। जिनी को घर के सदस्य की तरह ही रखा जाता है।

फिर सामने आई लापरवाही... चेक प्वाइंट के पास हुई घटना
 विजय नगर में जिस जगह यह घटना हुई है, वहां से कुछ दूरी पर ही शंकर आश्रम के सामने यूपी 112 का चेकिंग प्वाइंट है। ऐसे में फिर से पुलिस की निगरानी में लापरवाही सामने आई है। रविवार की शाम ही बदमाश सराफ के घर तक पहुंच गए और लूट की वारदात में विफल होने पर आसानी से फरार भी हो गए। इस घटना के बाद भी पुलिस टीम ने बदमाशों को पकड़ने के लिए गंभीरता से तलाशी अभियान तक नहीं चलाया।

विजय नगर में लूट की घटना के बारे में जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। वारदात कैमरे में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर बदमाशों को गिरफ्त में लेने का प्रयास किया जा रहा है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें