आंखों में दोष होने के बाद भी रोडवेज बसों के चालक यात्रियों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। यह बात रविवार को चालकों की आंखों की जांच के दौरान सामने आई।
लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज के उच्चीकृत नेत्र रोग विभाग की ओर से सोहराब गेट डिपो पर चालकों की आंखों की जांच की गई। इस दौरान कुल 57 चालकों ने आंखों की जांच कराई।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: मेरठ कॉलेज में फायरिंग से मचा हड़कंप, तेंदुए की दहशत, शामली में भूकंप के झटके
नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. जयश्री द्विवेदी ने बताया कि इनमें से 38 चालक निकट दृष्टि दोष तथा 11 दूर दृष्टि दोष से ग्रसित थे। जिन्हें चश्मा पहनने की सलाह दी गई।
जांच में पांच मोतियाबिंद एवं तीन चालक वायरल कंजक्टिवाइटिस (आंख आना) से ग्रसित मिले। इन्हें मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग में पुन: परीक्षण के लिए बुलाया गया। शिविर में डॉ. नवीन यादव, डॉ. दीपांशु गर्ग एवं डॉ. सारिक बिलाल शामिल रहे।
प्रधानाचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष जयश्री द्विवेदी एवं उनकी टीम को सफल नेत्र परीक्षण शिविर के आयोजन के लिए बधाई दी।