मेरठ। कचहरी में बुधवार को मारपीट और पथराव के मामले में पेश होने आए आरोपी ग्राम पूठरी जानी निवासी दो भाई दीपक और भूषण को कोर्ट ने जेल भेजने के आदेश दे दिए। पुलिस ने दोनों को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस को चकमा देकर दोनों आरोपी फरार हो गए। हालांकि बुधवार रात को भूषण को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि दीपक की तलाश जारी है।
विज्ञापन
ग्राम पूठरी जानी के रहने वाले अमरपाल ने 26 जुलाई 2025 को जानी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि दुकान के सामने गोबर डालने से मना करने पर राजकुमार, उसकी पत्नी रेखा, बेटे दीपक और भूषण ने मारपीट और पथराव कर दिया था। इस मामले में सभी आरोपियों को पुलिस तलाश रही थी। चारों आरोपी बुधवार को कोर्ट में पेश हुए। राजकुमार की पत्नी रेखा को अंतरिम जमानत मिल गई। जबकि कोर्ट ने दीपक और भूषण को जेल भेजने का आदेश दिया था। कोर्ट में पेरोकार कागजात तैयार करा रहा था। तभी भूषण और दीपक फरार हो गए। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि भूषण के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया गया।