फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ: यौन शोषण के सिपाही पर आई कार्रवाई की बारी...तो वर्दी का रिश्ता बना ढाल, स्कूल प्रबंधक ने की शिकायत

Thu, 01 Oct 2026 12:15 AM IST
मेरठ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ में किशोरी के यौन शोषण के आरोपी सिपाही शुभम तोमर की गिरफ्तारी के बीच पुलिस उम्र से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। स्कूल प्रधानाचार्य ने प्रमाणपत्र की सत्यता पर सवाल उठाए हैं।
विज्ञापन
अपराध
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ में 15 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी के यौन शोषण के आरोपी सिपाही शुभम तोमर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। इसी बीच मामले में किशोरी की उम्र से जुड़े दस्तावेजों की सत्यता पर सवाल उठे हैं। संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य ने पुलिस को शिकायत देकर कहा है कि किशोरी वर्ष 2022 से उनके स्कूल में पढ़ी ही नहीं है। पुलिस अब दस्तावेजों, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर किशोरी की वास्तविक उम्र की जांच करेगी।
विज्ञापन


स्कूल के प्रधानाचार्य ने प्रमाणपत्र पर उठाए सवाल
पुलिस के अनुसार, किशोरी की ओर से उम्र के संबंध में सरकारी स्कूल का प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया गया है। पुलिस ने संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य से जानकारी ली। प्रधानाचार्य ने शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि किशोरी वर्ष 2022 से उनके स्कूल में अध्ययनरत नहीं रही है।

स्कूल की शिकायत के बाद पुलिस मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस किशोरी का मेडिकल कराने की भी तैयारी कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर उसकी वास्तविक उम्र निर्धारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
विज्ञापन
Trending Videos

स्नैपचैट के जरिये हुई थी सिपाही से मुलाकात
किशोरी ने कंकरखेड़ा थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया था कि वह राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी है। उसके अनुसार मार्च 2026 में स्नैपचैट के माध्यम से उसकी मुलाकात कंकरखेड़ा निवासी सिपाही शुभम तोमर से हुई थी।

किशोरी का आरोप है कि बातचीत बढ़ने के बाद सिपाही ने उसे आगरा बुलाया, जहां एक होटल में उसके साथ यौन शोषण किया गया। उसने कई बार यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाया है। किशोरी ने 13 अगस्त को भी आरोपी पर घर बुलाकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया था।

हालांकि पुलिस की जांच में सामने आया कि 13 अगस्त को शुभम तोमर आगरा में ड्यूटी पर तैनात था। इसके बाद पुलिस मामले से जुड़े आरोपों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

 
विज्ञापन

आरोपी सिपाही की मां भी पुलिस में दरोगा
आरोपी सिपाही शुभम तोमर की मां संजोग तोमर यूपी पुलिस में दरोगा हैं। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। आरोपी का मोबाइल बंद आने की बात भी सामने आई है।

मामले में आरोपी की मां की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, हालांकि पुलिस सभी आरोपों और दस्तावेजों की जांच कर रही है। किसी की गिरफ्तारी में कथित प्रभाव या बाधा की पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।

पुलिस बोली- दस्तावेज और सभी तथ्यों की जांच जारी
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। किशोरी के बयान दर्ज कराए जा चुके हैं। आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है। उम्र से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें