थाने में शादी की जिद पर अड़ी प्रेमिका
मेरठ में प्रेमिका अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी है। लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं। थाने में दो दिन से इसको लेकर गहमागहमी का माहौल हैं। पुलिस का कहना कि प्रेमी युगल अलग-अलग समुदाय से हैं। दोनों की शादी से माहौल खराब हो सकता है।
मामला मवाना कस्बे का है। एक युवक का दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर अड़ी है। जबकि परिजनों का कहना है कि यह शादी नहीं हो सकती। मामला थाने में पहुंच गया। मंगलवार और बुधवार दिन भर इस मामले को लेकर थाने में गहमागहमी का माहौल रहा। युवती ने पुलिस से कहा कि साहब! हमारी शादी करा दो और आप भी मुक्त हो जाओ। युवती को परिजनों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं। पुलिस का कहना है कि बृहस्पतिवार को युवती को कोर्ट में पेश कर देंगे। युवती कोर्ट में जो कहेगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। युवती बालिग है और वह अपनी मर्जी से जहां चाहे वहां रह सकती है।