हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव सराय खादर में एक किसान की गेहूं की खड़ी फसल में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना पर आसपास के खेतों में काम कररीहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
गांव सराय खादर के जंगल में किसान मदन पाल की 17 बीघा गेहूं की फसल पकी खड़ी थी। शनिवार की दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क के किनारे खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने की खबर जंगल में काम कर रहे लोगों को मिली तो दर्जनों ग्रामीण किसान मौके पर पहुंचे। उधर आग लगने की सूचना दमकल विभाग और थाना पुलिस को दी गई। परंतु जब तक थाना पुलिस मौके पर पहुंची तब तक दर्जनों किसानों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था।
किसान मदन पाल सिंह ने बताया कि फसल में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाई गई है। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
अप्रैल शुरू होते ही बढ़ जाती है आग की घटनाएं
खादर क्षेत्र के किसान ऋषि पाल सिंह सुंदर सिंह, सरदार रणधीर सिंह व मंजीत सिंह ने बताया कि अप्रैल माह में जैसे ही गर्मी शुरू होती है तो किसानों की गेहूं की फसल में आग की घटनाएं बढ़ जाती हैं। किसानों ने कहा कि आसपास दमकल की सुविधा नहीं है। दमकल विभाग का कार्यालय मवाना में है। जब तक दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंचती है तब तक किसानों की फसल जलकर राख हो जाती है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को दमकल की गाड़ी हस्तिनापुर या खादर क्षेत्र में तैनात करनी चाहिए।