अगले दो दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में धूप निकलती रहेगी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। नमी अधिक होने के कारण उमस का प्रभाव भी बना रहेगा।
बारिश के संकेत फिलहाल नहीं
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल क्षेत्र में बारिश के स्पष्ट संकेत नहीं दिखाई दे रहे हैं। हालांकि बादलों की आवाजाही के कारण मौसम में हल्का बदलाव बना रह सकता है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के चलते लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से दोपहर के समय तेज धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य का रखें ध्यान
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती उमस के कारण शरीर में पानी की कमी और थकान की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में हल्के कपड़े पहनने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने चाहिए। फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत के लिए कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।