विश्वविद्यालयों में शोध और नवाचार को मिले बढ़ावा
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में होने वाले शोध और नवाचार का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। विद्यार्थियों की प्रतिभा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनके विचार सामाजिक समस्याओं का समाधान करने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और देश की आर्थिक प्रगति में योगदान देने वाले होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा नवाचारकर्ताओं और उद्यमियों के साथ संवाद से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही नए विचारों को व्यावहारिक उद्यम में बदलने का अवसर मिलता है। पूर्वांचल के बाद पश्चिमांचल में इस पहल का विस्तार प्रदेश के विश्वविद्यालयों, स्थानीय संसाधनों और युवा प्रतिभाओं को साझा मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मेरठ से नोएडा तक उद्योगों में स्टार्टअप की संभावनाएं
कुलपति ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कृषि के साथ मेरठ का खेल उद्योग, मुरादाबाद का पीतल उद्योग, सहारनपुर का लकड़ी उद्योग, मुजफ्फरनगर का चीनी उद्योग और नोएडा का आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग आर्थिक विकास की बड़ी ताकत हैं।
इन क्षेत्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डीप टेक्नोलॉजी, ऑटोमेशन और शोध आधारित नवाचार से जोड़ा जा सकता है। इससे उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ेगी, नए उत्पाद विकसित होंगे और वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के अवसर मिलेंगे।