वेस्ट यूपी में कोहरे और शीतलहर ने ठंड का अहसास करा दिया है। एक दिन में ही दिन का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस गिर गया। मंगलवार रात से छाया कोहरा बुधवार पूरे दिन रहा। शाम को सूर्यदेव ने कुछ देर के लिए दर्शन दिए और फिर से बादलों में छिप गए। शाम होते ही कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। 27 सालों में दूसरी बार दिन का तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वेस्ट यूपी और एनसीआर क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है। सर्दी का सितम बढ़ा तो दिन का तापमान भी गिर गया। तापमान में चौबीस घंटे में सात डिग्री की गिरावट आयी है। दिन का तापमान सामान्य से नीचे आ गया। सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ था। जिसके चलते शीतलहर ने भी शहरवासियों की कंपकंपी छुड़ा दी। सुबह से ही कोहरे और बादलों में छिपा सूरज हल्की झलकी दिखाकर शाम को चार बजे फिर से बादलों में छिप गया। ठंड का यह दौर अभी शुरु हुआ है। आगे भी मौसम का मिजाज ऐसे ही रहेगा। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 97 व न्यूनतम 89 प्रतिशत दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री था। पारे में 5.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रात के तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट आई है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि 1980 से 2017 तक 13 दिसंबर को दिन का तापमान 16 डिग्री से दो बार ही कम रहा है, 1997 में 13.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इस साल को छोड़ दें तो यह सबसे न्यूनतम स्तर पर रिकॉर्ड किया गया है। सर्दी का असर भी ऐसे ही बना रहेगा। आने वाले तीन चार दिन तक कोहरा छाया रहेगा और दिन का पारा 15 से भी नीचे आ सकता है।
पढ़ें : Smog का कहर, जहरीली हवा से ऐसे बचिए, तस्वीरें