पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रालोद के गढ़ छपरौली क्षेत्र की रमाला चीनी मिल में किसानों से रूबरू होंगे। योगी 23 दिसंबर को रमाला चीनी मिल के पावर प्लांट का उद्घाटन करेंगे। किसानों को उम्मीद है कि उनके लिए सीएम कोई न कोई घोषणा जरूर करेंगे।
प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा ने बृहस्पतिवार को मोबाइल पर हुई बातचीत में बताया भाजपा किसानों को उनका अधिकारी दिलाएगी। सीएम योगी आदित्य नाथ किसानों की प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लेते हैं और समाधान करते हैं। किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह के जयंती समारोह को इस बार रालोद के गढ़ में धूमधाम से मनाने की तैयारी है। 23 दिसंबर को सहकारी क्षेत्र की रमाला चीनी मिल में मुख्यमंत्री पावर प्लांट का उद्घाटन करेंगे। भाजपा सरकार ने ही रमाला मिल की पेराई क्षमता बढ़ाई है। इससे पहले 16 दिसंबर को गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा कार्यक्रम की तैयारी को लेकर अधिकारियों के साथ मीटिंग करेंगे। रमाला चीनी मिल का निरीक्षण भी करेंगे। किसानों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे तो उनके लिए भी कोई न कोई घोषणा कर सकते हैं।
पढ़ें : मुख्यमंत्री योगी को काले झंडे दिखाने वाले को अखिलेश ने दिया आशीर्वाद
बकाया भुगतान का मुद्दा सबसे बड़ा
सीएम योगी आदित्यनाथ
इनसेट
मुख्यमंत्री जिले में होंगे तो किसान उनसे मलकपुर चीनी मिल पर बकाया गन्ने का भुगतान दिलाने की मांग कर सकते हैं। पेराई सत्र चल रहा है, लेकिन अभी तक यह भी तय नहीं हुआ कि वर्तमान पेराई सत्र की चीनी से पिछले सत्र का भुगतान किया जाएगा या वर्तमान सत्र का। इस पर किसान दो फाड़ है। करीब 18 करोड़ रुपये गन्ना विभाग के पास पेंडिंग, लेकिन चीनी मिल ने एडवाइजरी जारी नहीं की, जिस वजह से भुगतान लटका हुआ है।
इनसेट
गोलमाल की जांच में तेजी की करेंगे मांग
रमाला चीनी मिल में गोलमाल प्रकरण भी मुख्यमंत्री योगी के सामने उठेगा। हालांकि तत्कालीन प्रबंध निदेशक की सीबीआई जांच की संस्तुति की जा चुकी है, लेकिन शिकायत करने वालों ने कहा जांच का मामला ठंडे बस्ते में जाता दिख रहा है। मुख्यमंत्री से जांच में तेजी लाने की मांग की जाएगी।
इनसेट
किसानों को लुभाने की होगी कोशिश
विधानसभा चुनाव के प्रचार के बाद ऐसा पहला मौका होगा, जब मुख्यमंत्री बागपत आएंगे। पिलाना में जनसभा में वह बतौर स्टार प्रचार और सांसद शामिल हुए थे। वेस्ट यूपी में भाजपा किसानों को लुभाने का प्रयास करेगी, ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी को लाभ हो।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/