वेस्ट एंड रोड पर मंगलवार को व्यवस्था ठीकठाक नजर आई। सोमवार की गलती से सबक लेते हुए कैंट बोर्ड ने स्कूल खुलने और छुट्टी के समय सभी चार पहिया वाहनों की एंट्री बैन कर दी। लिंक मार्गों को भी कवर किया गया। हालांकि कुछ वाहन रोड तक पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें वहीं से निकाल दिया गया। सेना और प्रशासन के वाहनों को भी रोका गया। कैंट के अन्य मार्गों पर लोग जाम से जूझते रहे।
कैंट बोर्ड के कर्मचारी, पीआरडी जवान और वॉलेंटियर मंगलवार सुबह छह बजे वेस्ट एंड रोड पहुंच गए। इन्होंने सदर घंटाघर से लेकर ऑफिसर मेस तिराहे और इस मार्ग को जोड़ने वाली सभी लिंक रोडों पर 16 अस्थायी बैरियर लगाए। सुबह करीब 6:45 बजे वॉलेंटियर सभी एंट्री प्वाइंट पर तैनात हो गए। उन्होंने किसी भी चार पहिया वाहन और स्कूली बसों को अंदर नहीं जाने दिया।
चार पहिया वाहनों से जो अभिभावक अपने बच्चों को छोड़ने आए थे, उन्होंने एंट्री प्वाइंट के बाहर ही वाहन खड़े कर पैदल बच्चों को स्कूल गेट तक छोड़ा। टू व्हीलर पर अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल गेट तक छोड़ा। इसी तरह दोपहर को करीब 12 बजे कैंट बोर्ड और रोड सेफ्टी क्लब के वॉलेंटियर मौके पर पहुंच गए और इन्होंने सभी एंट्री प्वाइंट पर अस्थायी बैरियर लगाए।
दोपहर को जैसे ही 12:50 पर एसडी सदर की छुट्टी हुई तो तुरंत वॉलेंटियरों ने बच्चों को सदर थाने वाले मार्ग पर निकाला। इसके बाद 1 बजे दीवान पब्लिक स्कूल, माडर्न पब्लिक स्कूल, 1:15 बजे मेरठ पब्लिक स्कूल और एमपीजीएस, 1:25 बजे ऋषभ एकेडमी, 1:30 बजे दर्शन एकेडमी, गुरुतेग बहादुर पब्लिक स्कूल की छुट्टी हुई। जैसे ही बच्चे स्कूल गेट से बाहर निकले तो सड़क पर सिर्फ बच्चे ही नजर आ रहे थे।
कैंट बोर्ड द्वारा बनाए गए प्लान के अनुसार टेंपो स्कूल के सामने वाले मार्ग पर खड़े थे। दोपहर को ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों ने भी पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था संभाली। वहीं सुबह सात बजे एसपी ट्रैफिक किरण यादव भी मौके पर पहुंच गई थीं।
आर्मी बस ने ली एंट्री, किया बाहर
मंगलवार को छुट्टी के समय करीब 1:25 बजे बालाजी मंदिर की तरफ से आर्मी की बस वेस्ट एंड रोड पर पहुंच गई। किसी ने भी इस बार को रोकने का प्रयास नहीं किया। लेकिन एसडी सदर के सामने कैंट बोर्ड सीईई समेत अन्य वॉलेंटियरों ने बस को रोक दिया और इसे थाने की तरफ डायवर्ट कर दिया। ड्राइवर ने वॉलेंटियरों से बहस की, लेकिन उसकी एक न चली।
नहीं लगे ठेले
मंगलवार को वेस्ट एंड रोड पर एक भी ठेला नजर नहीं आया। कैंट बोर्ड टीम ने जहां वेस्ट एंड रोड से ठेले हटवाएं, वहीं इसके आसपास भी ठेले नहीं लगने दिए।
समय से पहले आएं शिक्षक
वेस्ट एंड रोड पर आठ स्कूल हैं। ज्यादातर शिक्षक चार पहिया वाहनों से आते हैं। सीईई अनुज सिंह ने बताया कि स्कूलों से संपर्क कर चार पहिया वाहनों से आने वाले शिक्षकों को समय को बदलवाया जाएगा। स्कूल खुलने से पहले और छुट्टी के बाद ही शिक्षकों की गाड़ियां निकल सकेंगी।
वैकल्पिक मार्गों पर लगा जाम
वेस्ट एंड रोड को बंद करने से सदर घंटाघर पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। हनुमान मंदिर से औघड़नाथ मंदिर वाले मार्ग, बांबे बाजार से बेगमपुल, शिव चौक से सदर बाजार होते हुए सदर थाना, जीटीबी से सेना भर्ती कार्यालय, सेंटर रोड, भूसा मंडी समेत इस मार्ग के अन्य आसपास वाली सभी मार्गों पर जाम लग गया। इन मार्गों पर जो अभिभावक अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे उन्होंने चार पहिया वाहन खड़े कर दिए। इससे जाम लगा। दिल्ली रोड पर भी असर नजर आया।
प्रिंसिपल की गाड़ी रोकी
कैंट बोर्ड सीईई अनुज सिंह ने छुट्टी के समय एमपीजीएस प्रिंसिपल मधु सिरोही और उनके स्कूल की टीचर्स की गाड़ी भी रोक दी। इन्हें भर्ती कार्यालय वाले मार्ग से भेजा गया। व्यवस्था बनाने के लिए स्कूली बच्चों ने सीईई अनुज सिंह को धन्यवाद कहा।
अवैध पार्किंग बंद कराई
कैंट बोर्ड ने दीवान स्कूल से लेकर दर्शन एकेडमी तक चल रही तीन अवैध पार्किंग भी मंगलवार को पूरी तरह बंद करा दीं। सीईई ने कहा कि अगर अवैध पार्किंग चलाई तो जुर्माना वसूला जाएगा।