दौराला। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में नवागत खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार के कार्यभार ग्रहण करने पर उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ, ब्लॉक दौराला की ओर से बीआरसी परिसर में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। संघ की ब्लॉक अध्यक्ष नीलम वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
नीलम वर्मा ने कहा कि अजय कुमार के नेतृत्व में ब्लॉक दौराला शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला शिक्षक संघ शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और शिक्षक हितों से जुड़े कार्यों में प्रशासन का पूरा सहयोग करेगा। खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार ने स्वागत के लिए सभी का आभार जताते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षक हित उनकी प्राथमिकता रहेंगे। इस दौरान उपाध्यक्ष चित्रा अस्थाना, भावना, पूनम, रश्मि आदि मौजूद रहे।