देश की तरक्की के लिए मिल जुलकर रहे
परीक्षितगढ़/लावड़/दौराला। परीक्षितगढ़, लावड़ व दौराला कस्बे में रविवार को भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दोनों समुदाय के लोगों ने भाईचारा बनाए रखा। सुबह से ही बाजार खुले और बाजारों में खरीदारी करने के लिए जमकर भीड़ उमड़ी। दोनों समुदाय के लोगों ने इस फैसले की सराहना करते हुए उसे सम्मानजनक बताया।
समाजसेवी गुल्लु प्रधान ने कहा कि कोर्ट के फैसले का स्वागत करते है। नगर में भाईचारा और सौहार्द कायम रहे। परीक्षितगढ़ नगर हमेशा भाईचारे की मिसाल रहा है। प्रधान शकील सैफी ने कहा कि न्यायालय के फैसले को स्वागत है। फैसला हमारे देश की सबसे बड़ी अदालत का फैसला है। सभी वर्गों को फैसले का स्वागत करना चाहिए। समाजसेवी गुड्डू प्रजापति का कहना है कि यदि आपस में भाईचारा कायम रहेगा तो देश तरक्की करेगा। प्रवेज मुन्नर ने कहा कि मुल्क की तरक्की के लिए जरूरी है कि हम सब मिल जुलकर रहें। वहीं लावड़ क्षेत्र में फरहत बेग, समाज सेवी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट न दोनों पक्षों का सम्मान रखते हुए अपना निर्णय दिया। वह इस फैसले का स्वागत करते है। मिठेपुर के सरपंच रामेश्वर दयाल सरपंच ने कहा कि हम सबको मिलजुलकर रहना है। लावड़ व्यापार संघ के अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने कहा कि अयोध्या में अब हिंदू-मुस्लिम एकता की बयार बहेगी। वहीं लावड़ चेयरपर्सन पति मो. हारुन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने दोनों समुदाय के पक्ष में निर्णय देकर हिंदुस्तान की अखंडता को बरकरार रखा है। इस फैसले के बाद दोनों समुदाय के लोगों में भाईचारा बढ़ेगा।