सरधना। नगर में रविवार को बिनौली मार्ग और गुजरान गेट पर लगने वाली साप्ताहिक पैठ के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। अतिक्रमण और सड़कों पर गैस सिलिंडरों की आपूर्ति के लिए खड़े वाहनों के चलते यातायात बाधित रहा। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बावजूद रोक नहीं लग पाई। नगर की सीमाओं से दिनभर भारी वाहनों का आवागमन जारी रहा। इस कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही।
बीते दिनों संपूर्ण समाधान दिवस में व्यापारियों और कई संगठनों ने जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर कस्बे में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आदेश जारी कर सुबह 9:00 बजे से रात 9:00 बजे तक नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया था। नियमों का पालन न करने पर वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए थे। नगर में भारी वाहनों का प्रवेश तय समय के अनुसार सख्ती से लागू कराने की जिम्मेदारी थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पहले ही दिन आदेशों का पालन होता नहीं दिखा। पूरे दिन भारी वाहनों का आवागमन जारी रहा, जिससे जाम की समस्या बनी रही। भूनी टोल से बचने के लिए भारी वाहन कस्बे के भीतर से गुजरते रहे।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि नो-एंट्री के लिए चिह्नित स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी। जाम की समस्या के निस्तारण के लिए अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।