बिजनौर रामलीला में बिना अनुमति के लगे बाजार को हटवाने पहुंचे तहसीलदार। संवाद
बिजनौर। प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ रामलीला मैदान पहुंचे। उन्होंने वहां लगने वाले साप्ताहिक मेले को हटवाया। अफसरों ने कहा कि रामलीला मैदान व बाहर सड़क पर लगने वाला बाजार बिना अनुमति के चल रहा है। साप्ताहिक बुध बाजार पर लगाए जाने पर रोक लगा दी। बाजार हटाने के दौरान कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रशासनिक अफसरों के अनुसार रामलीला मैदान में साप्ताहिक बुध बाजार पर फिर से लगना शुरू हो गया। दो बुधवार को रामलीला मैदान में साप्ताहिक बाजार लगाया भी गया। बुधवार को फिर से रामलीला मैदान में बाजार लगा। बाजार लगने की सूचना किसी व्यक्ति ने एसडीएम सदर अवनीश कुमार को फोन से दी। एसडीएम सदर के आदेश पर तहसीलदार सदर अमर पाल सिंह, कोतवाल उदयप्रताप सिंह, प्रभारी अधिशासी अधिकारी यशवंत कुमार और नायब तहसीलदार फैसल कमर पुलिसबल के साथ रामलीला मैदान पहुंचे। अधिकारियों ने बाजार बंद करने के लिए कहा, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया और दुकानें नहीं हटी।
इस दौरान सभासद नीरज शर्मा, रामलीला कमेटी के प्रदीप कौशिक, राहुल शर्मा समेत कई अन्य पदाधिकारियों ने पालिका प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध किया। इसी बात को लेकर सभासद और प्रभारी ईओ के बीच नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में अधिकारियों ने बाजार में लगी दुकानाें को हटवा दिया।