शामली में तेज बारिश कैराना में बिजली गिरने से युवक झुलसा
शामली में शनिवार देर रात अचानक मौसम बदला और कई जगह पर तेज बारिश हुई। कैराना में गांव झाड़ खेड़ी में अचानक गड़गड़ाहट की आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली शिवकुमार के आवास पर गिरी जिससे छत पर सो रहा शिव कुमार का 20 वर्षीय पुत्र आकाश गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल युवक की हालत ठीक है।
शनिवार रात शामली और आसपास तेज हवाएं चलने लगी। कुछ देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई जो करीब आधे घंटे चली। बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है खेतों में गेहूं की कटाई का काम चल रहा है वह भी बुरी तरह प्रभावित हो जाएगा।
पांच मई तक मौसम में बना रहेगा उतार चढ़ाव
वैज्ञानिकों के अनुसार अप्रैल माह में तापमान के साथ- साथ मौसम में भी उतार- चढ़ाव का सिलसिला लगातार बना रहा। मई माह के पहले सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। अप्रैल माह के शुरू में जहां तापमान में उछाल दर्ज किया गया, वहीं माह के अंत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम में ठंडक बनी हुई है।
आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन. सुभाष के अनुसार मौसम का मिजाज बदला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अभी पांच मई तक मौसम बदला रहेगा। बारिश व आंधी के आसार बने हैं। जिससे तापमान गिरेगा।