मवाना। रविवार शाम करीब 4:00 बजे क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट बदली। सुबह से खिल रही तेज धूप के बाद शाम होते ही अचानक आसमान में काले घनघोर बादल उमड़ आए और देखते ही देखते दिन में ही चारों ओर गहरा अंधेरा छा गया। इसके तुरंत बाद चली तेज आंधी के साथ हल्की बारिश व बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे पिछले कुछ दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली।
रविवार दोपहर तक तेज धूप होने के कारण लोग गर्मी से बेहाल नजर आ रहे थे, लेकिन शाम 4:00 बजे मौसम के अचानक बदले रूप ने सभी को हैरान कर दिया। तेज हवाओं और आंधी के कारण सड़क पर धूल उड़ने लगी, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दृश्यता (विजिबिलिटी) कम होने के कारण चालकों को अपने वाहनों की लाइटें जलानी पड़ी।
आंधी के कुछ ही देर बाद शुरू हुई बूंदाबांदी ने मौसम को पूरी तरह सुहावना बना दिया। अचानक हुई इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से निजात मिली। शाम के समय लोगों ने घरों से बाहर निकलकर सुहावने मौसम का जमकर आनंद लिया। वहीं दूसरी ओर अचानक आई तेज आंधी से कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिसे आंधी रुकने बाद सुचारु कर दिया गया।