इस समय मौसम सामान्य से ऊपर चल रहा है। बारिश न होने के कारण नमी की कमी हो गई है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत गर्म हो गया है।
दिसंबर का महीना अपने अंतिम दिनों में है। इन दिनों में जितनी सर्दी पड़नी चाहिए, उतनी नहीं पड़ रही। विवि के मौसम प्रभारी डा. अशोक गुप्ता का कहना है कि इस सीजन में अभी तक विंटररेन की कमी है। इस कारण मौसम में नमी की मात्रा घट गई है। मौसम ठंडा होने के लिए नमी की बेहद जरूरत होती है।
इसी कारण कोहरा भी ढंग से नहीं पड़ रहा है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जिस कारण तापमान में वृद्धि हो रही है। डा. गुप्ता का कहना है कि अभी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। सोमवार को अधिक तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से करीब तीन डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो कि चार डिग्री अधिक है। अधिकतम नमी 68 और न्यूनतम 26 प्रतिशत दर्ज की गई।
वहीं दिसंबर के महीने में एक बार भी बारिश न होने से किसानों के चेहरे मुरझाए हुए हैं। किसानों का कहना है कि बारिश नहीं हुई, तो गेहूं की फसल को नुकसान होगा। बारिश के पानी की सिंचाई न मिलने से बढ़वार रुक जाएगी। वहीं इस समय वातावरण में धुंध भी है, जो धूल के कणों से पैदा हो रही है। बारिश हुई, तो धुंध हट जाएगी और वातावरण साफ हो जाएगा।