संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर के गंज बाजार में जलभराव की समस्या पांच महीने बाद भी जस की तस बनी हुई है। व्यापारियों का आरोप है कि कई बार शिकायत और प्रदर्शन के बावजूद नगर पालिका ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह अपनी दुकानों पर ताला लगाकर चाबियां प्रशासन को सौंप देंगे।
व्यापारियों के अनुसार कालंद चुंगी से डॉ. ओमवीर के क्लीनिक तक सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। सड़क ऊंची-नीची होने के कारण हल्की बारिश में भी पानी भर जाता है, जिससे बाजार में आवागमन प्रभावित होता है और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों ने बताया कि दो फरवरी को उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद भी कई बार धरना-प्रदर्शन और शिकायतें की गईं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
उनका आरोप है कि नगर पालिका की ओर से समस्या दूर करने के बजाय अधिशासी अधिकारी ने व्यापारियों पर ही सबमर्सिबल का पानी सड़क पर बहाने का आरोप लगाया, जिससे उनमें रोष है। व्यापारी मनोज चौधरी, रोबी सोम, सरफराज, रियासत, शेखर त्यागी, राजकुमार, नईम अंसारी, संजू त्यागी, डॉ. निर्दोष, अजीम सैफी, परवेज राणा समेत अन्य का कहना है कि जलभराव के कारण ग्राहक बाजार आने से बचते हैं। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है और अनेक दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
व्यापारियों ने प्रशासन से गंज बाजार में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने तथा सड़क की जांच कर आवश्यक मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे।
नगर पालिका की चेयरपर्सन सबीला बेगम का कहना है कि गंज बाजार की समस्या संज्ञान में आई है। नाली व सड़क को दुरुस्त कराते हुए जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा।