सरधना। गांव छुर में अनुसूचित जाति के मोहल्ले में जलभराव से गुजरते स्थानीय निवासी। शिकायतकर्ता
ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। विकास खंड सरूरपुर क्षेत्र के गांव छुर की अनुसूचित जाति बहुल बस्ती में जलभराव से ग्रामीणों परेशान है। ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती से निकलने का एकमात्र रास्ते पर गंदा पानी भरने से निकलना मुश्किल हाे रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मनोज, सागर, समरपाल, रिंकु, प्रिंस, दिनेश और आजाद आदि ने उपजिलाधिकारी उदित नारायण सेंगर को शिकायत पत्र सौंपकर बताया कि समस्या को लेकर कई बार पंचायत और अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि गांव के तालाब पर अवैध कब्जों के चलते जलनिकासी पूरी तरह ठप हो गई , जिससे दलित मोहल्ले में लगातार गंदा पानी जमा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे फिसलकर गिरने और संक्रमण फैलने का खतरा बना है। बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बदबू और मच्छरों के कारण बस्ती में बीमारी फैलने की आशंका लगातार बढ़ रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने बताया कि बीडीओ सरूरपुर को तत्काल सफाई कराने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।