मेरठ। जागृति विहार में शनिवार को पानी की पाइपलाइन फटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के कारण करीब 10 हजार से अधिक लोगों को पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन फटने की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा जलकल विभाग को दी गई थी, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी निगम की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने जमकर हंगामा किया।
जलकल विभाग की सुस्ती से नाराज स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि इस भीषण गर्मी में पानी की किल्लत है। बार-बार सूचना देने के बावजूद जब कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर शनिवार को लोगों का गुस्सा फूट गया। मामला तूल पकड़ता देखकर महा प्रबंधक जल पंकज कुमार ने जलकल की टीम को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। रविवार तक पाइपलाइन को ठीक कराने का आश्वासन लोगों को दिया।