संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे में बिना अनुमति और अवैध अतिक्रमण के संचालित हो रहे गाड़ी धुलाई (कार वॉश) केंद्र पर्यावरण और जल संसाधनों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। नियमों को ताक पर रखकर चल रहे इन केंद्रों द्वारा न केवल जल संरक्षण के मानकों की अनदेखी की जा रही है, बल्कि अवैध रूप से भूमिगत जल का भी दोहन किया जा रहा है। इससे भूजल स्तर तेजी से गिर रहा है।
नगर पंचायत के मुख्य मार्ग पर अवैध अतिक्रमण कर संचालित कई कार और बाइक वॉश सेंटरों के पास नगर पंचायत और संबंधित विभाग की कोई अनुमति नहीं है और न ही जल उपयोग की कोई वैध स्वीकृति है। बावजूद इसके इन केंद्रों पर खुलेआम सबमर्सिबल से पानी निकालकर वाहनों की धुलाई की जा रही है। एक अनुमान के अनुसार प्रतिदिन हजारों लीटर पानी की बर्बादी इन गाड़ी धुलाई केंद्रों पर हो रही है, जबकि क्षेत्र के कई मोहल्लों और गांवों में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार वॉश सेंटरों द्वारा निकाला गया गंदा पानी बिना किसी ट्रीटमेंट के नालियों और खुले मैदानों में छोड़ दिया जाता है। इससे आसपास की जमीन और जल स्रोत भी प्रदूषित हो रहे हैं। साथ ही लगातार हो रहे अवैध जल दोहन के कारण हैंडपंप और निजी बोरवेल भी सूखने लगे हैं।
नियमानुसार गाड़ी धुलाई केंद्रों को जल पुनर्चक्रण (री-साइक्लिंग) प्रणाली अपनाना और सीमित जल उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है। लेकिन हस्तिनापुर में अधिकांश केंद्रों पर इन मानकों का कोई पालन नहीं किया जा रहा। हैरानी की बात यह है कि संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि इस मामले में स्थानीय सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना अनुमति चल रहे कार वॉश सेंटरों की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अवैध सबमर्सिबल को किया जाए सील
कस्बे के लोगों का कहना है कि अवैध सबमर्सिबल सील कर जल संरक्षण के नियमों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में गंभीर जल संकट से बचा जा सके। अवैध रूप से चलने वाले इन केंद्रों का चलन बढ़ता जा रहा है। इससे भविष्य में जल दोहन का संकट बढ़ेगा।
नोटिस तक होती है कार्रवाई
अवैध रूप से चल रहे इन केंद्रों के खिलाफ नगर पंचायत की कार्रवाई सिर्फ नोटिस तक सीमित रहती है। नोटिस देकर नगर पंचायत अपना पल्ला झाड़ लेती है और इससे आगे की कार्रवाई नहीं हो पाती है। अब लोगों को इस अनदेखी पर कार्रवाई का इंतजार है।
जल्द कार्रवाई की जाएगी
कस्बे के धुलाई केंद्र संचालकों को नोटिस दिए गए हैं। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। -राजीव कुमार, अधिशासी अधिकारी, हस्तिनापुर