चौकीदार को बंधक बना गन्ना क्रय केंद्र से बाट लूटे
सरधना। दौराला चीनी मिल के गांव मेहरमती गणेशपुर स्थित गन्ना क्रय केंद्र पर सोमवार रात आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला। बदमाश चौकीदार को बंधक बनाकर पांच क्विंटल के बाट लूट ले गए। मंगलवार को मिल के फील्ड ऑफिसर ने थाने में तहरीर दी है।
दौराला शुगर मिल के फील्ड ऑफिसर भरतलाल ने तहरीर में बताया कि सोमवार रात मेहरमती गणेशपुर के गन्ना क्रय पर हथियारबंद बदमाशों ने चौकीदार सतपाल पुत्र सूरजमल को बंधक बनाकर 50-50 किलो के 10 बाट लूट लिए। सतपाल ने उन्हें बाट लूट की सूचना दी। जिस पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई। सरधना क्षेत्र में दर्जनभर से अधिक गन्ना क्रय केंद्रों पर बाट लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं, पुलिस द्वारा हाल ही में नगर से दो व अलीपुर से एक व्यक्ति को बाट लूट की घटना में जेल भी भेजा गया है। उसके बावजूद बाट लूट की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। सीओ आरपी शाही का कहना है कि बाट लूट की घटना की जांच कराई जा रही है।