फलावदा। नगर पंचायत द्वारा मंगलवार को बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। करोना संक्रमण के संबंध में बुलाई बैठक में दूसरे प्रस्ताव पास करने का आरोप लगाते हुए सभासदों ने हंगामा कर दिया। वहीं, वार्ड वार निगरानी कमेटी का भी गठन किया गया।
नगर पंचायत चेयरमैन अब्दुस समद एवं अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह द्वारा पुलिस चौकी पंप नंबर दो पर कोरोना संक्रमण के संबंध में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। इसमें जिलाधिकारी के आदेश अनुसार कोरोना निगरानी समिति का वार्ड वार गठन किया गया। वार्डों में सभासदों को अध्यक्ष बनाकर जिम्मेदारी दी गई है। वे बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सूची नगर पंचायत अध्यक्ष को उपलब्ध कराएंगे। लॉकडाउन के दौरान नगर के लोगों को राशन आदि समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा तथा कस्बे में होने वाले विकास कार्यों को जिलाधिकारी के आदेश अनुसार ही कराए जाएंगे। निजाम, सोनवीर, सलीम, श्रीदेवी आदि सभासदों ने हंगामा करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के संबंध में बोर्ड बैठक बुलाई गई थी। जिसमें बिना सहमति के दूसरे प्रस्ताव भी शामिल कर लिए गए जो नियम विरुद्ध हैं जो भी प्रस्ताव पास किए गए हैं उनके सामने नहीं लिखे गए हैं। पुराने बस स्टैंड पर टंकी प्रांगण में सभासदों ने हंगामा कर दिया। इस पर थाना प्रभारी राकेश कुमार पुंडीर ने सभासदों को किसी तरह समझा-बुझाकर शांत किया। बोर्ड बैठक में पूर्व चेयरमैन सैयद अलीमुद्दीन व सभासद शहजाद को आकस्मिक मौत पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।