रोहटा। थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाहिद में खेत पर काम कर रहे युवा किसान की मंगलवार को हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हालांकि हादसे के बाद परिजन उसे मेरठ ले गए परंतु चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने पुलिस को जानकारी दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया है।
यह दर्दनाक हादसा मंगलवार सुबह गांव रसूलपुर जाहिद के जंगल में उस समय हुआ जब आयुष (28) पुत्र बृजपाल खेत पर काम करने के लिए गया। बताया कि वह खेत पर काम कर रहा था इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे आ गिरा। जिसकी चपेट में आने से आयुष बुरी तरह झुलस कर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस पर परिजन उसे चिकित्सक के पास मेरठ ले गए परंतु उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजन उसे गांव ले आए और पुलिस को जानकारी दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। हादसे से युवा किसान के परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीणों का कहना है कि आयुष मेहनती एवं मिलनसार था। थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। वे कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने इस संबंध में तहरीर भी नहीं दी है।