गंगा एक्सप्रेसवे सर्विस रोड और फफूंडा कट के बीच हुआ हादसा, सुरक्षा इंतजामों पर फिर उठे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड से फफूंडा कट के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच मंगलवार देर रात एक और जान चली गई। बिजौली निवासी वार्ड बॉय सुनील सड़क पार करते समय तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार तड़के उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव बिजौली निवासी सुनील कुमार(45) पुत्र ओमप्रकाश हापुड़ जनपद के सिंभावली क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार देर रात ड्यूटी समाप्त कर वह बस से अपने गांव लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, गांव बिजौली के सामने मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस से उतरने के बाद वह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान मेरठ की ओर से तेज गति से आ रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार को परिजनों ने पुलिस की सहायता से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार तड़के उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
मृतक पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। हालांकि दुर्घटना में शामिल वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। राम प्रकाश सीओ किठौर
-
हाईवे पर सुरक्षा के उपाय नहीं
खरखौदा। गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड से फफूंडा कट के बीच का हिस्सा इन दिनों सड़क सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। इस स्थान पर रॉन्ग साइड से आने-जाने वाले वाहनों और सामने से तेज गति से गुजरने वाले ट्रैफिक के बीच ग्रामीणों और राहगीरों को सड़क पार करनी पड़ती है। पर्याप्त सुरक्षा उपाय, नियंत्रित कट और ट्रैफिक प्रबंधन के अभाव में यहां हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
पिछले कई दिनों से स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि इस स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रॉन्ग साइड वाहनों पर रोक लगाने और सड़क पार करने वालों के लिए सुरक्षित व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग उठा रहे हैं। इसके बावजूद स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। सुनील कुमार की मौत ने एक बार फिर इस दुर्घटना संभावित प्वाइंट पर प्रभावी सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।