सीसीएसयू ने कॉलेजों को तीन दिन में अंक पोर्टल पर अपलोड करने के दिए निर्देश
कहा-परीक्षा से वंचित होने की जिम्मेदारी कॉलेजों की होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने बीएड प्रथम वर्ष (2026) की प्रयोगात्मक एवं मौखिक परीक्षाओं को लेकर महाविद्यालयों और विद्यार्थियों के लिए निर्देश जारी किए है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों के आंतरिक परीक्षा के अंक विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपलोड नहीं होंगे, उन्हें प्रयोगात्मक एवं मौखिक परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने बताया कि आंतरिक परीक्षाएं प्रयोगात्मक परीक्षा से पहले कराकर उनके अंक पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश पहले भी तीन बार जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अधिकांश महाविद्यालयों ने अभी तक विद्यार्थियों के अंक अपलोड नहीं किए हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी संबद्ध बीएड महाविद्यालयों को तीन दिन में सभी पात्र विद्यार्थियों की आंतरिक परीक्षाएं कराकर अंक पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया है।
गत वर्ष भी बीएड द्वितीय वर्ष की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के दौरान कई छात्र-छात्राएं केवल आंतरिक अंक अपलोड न होने के कारण परीक्षा से वंचित रह गए थे। ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसलिए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के मामले में भी सख्ती बरती जाएगी। यदि किसी छात्र के आंतरिक अंक पोर्टल पर उपलब्ध नहीं होंगे तो उसे प्रयोगात्मक एवं मौखिक परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालय और छात्र-छात्रा की होगी।
विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों से कहा है कि अंक अपलोड करने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर हेल्पलाइन नंबर 807791145 और 7078132884 पर संपर्क कर समस्या का समाधान कराया जा सकता है।