दो भाइयों और मासूम को गोली मारने वालों की तलाश में जुटी पुलिस
आरोपियों के ताऊ के बेटे ने कहा- अबकी बार पहले तुझे देखेंगे
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र में स्टार हेरिटेज मैरिज होम में मंगलवार रात वलीमा की दावत में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने वाले आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है। वहीं, आरोपियों जुनैद उर्फ काला व सुहैल के ताऊ के बेटे ने शुक्रवार को कॉल कर घायल इरफान के बुआ के बेटे के मोबाइल पर कॉल कर धमकी दी कि अबकी बार पहले तुझे देखेंगे। इसकी शिकायत पीड़ित पक्ष ने लिखित रूप से पुलिस से कर दी है।
बुनकर नगर गली नंबर छह में रहने वाले इरफान अन्य परिजनों के साथ मंगलवार रात फैजान के वलीमा की दावत में गए थे। आरोप है कि रात लगभग 9:45 बजे यहां पहले से मौजूद अहमदनगर निवासी जुनैद उर्फ काला, उसके भाई सुहैल, उवैश उनके पिता जाहिद ने ताबड़तोड़ गोली चलाईं। इसमें इरफान गाजी, उनके भाई राजा और उसका बेटा हम्माद (ढाई वर्ष) गोली लगने से घायल हो गए थे। हमले में इरफान को दो, राजा को तीन और हम्माद की जांघ में एक गोली लगी थी। उनका अभी भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस जुनैद उर्फ काला, उसके भाई सुहैल, उवैश और उनके पिता जाहिद पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें तलाश रही है। इसी बीच आरोपी के धमकी देने से पीड़ित परिवार फिर से सहम गया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि पुलिस की छह टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। एसएसपी अविनाश पांडेय ने दो आरोपियों जुनैद और सुहैल पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।