रसूलपुर विस्फोट मामले की फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
फलावदा। करीब दस दिन पूर्व गांव रसूलपुर में विस्फोट में जमींदोज हुए मकानों के मलबे के नीचे दबने से तीन लोगों की मौत मोत हो गई थी। एक दर्जन से अधिक जख्मी हुए थे। घटना के मामले में पुलिस को फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।
क्षेत्र के गांव रसूलपुर मुरादनगर में 17 नवंबर को निसार के घर में जबरदस्त विस्फोट हुआ था। जिसमें निसार के मकान सहित तीन और मकान जमींदोज हो गए थे और कई मकानों में दरारें आ गई थी। हादसे में निसार, शायान तथा फैसल की मौत हो गई थी, जबकि निसार की पत्नी शाहेदा गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
हालत में सुधार होने पर शाहेदा की दिल्ली अस्पताल से छुट्टी हो गई है। घटना के संबंध में मृतक निसार के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कुछ संदिग्ध वस्तु कब्जे में लेकर प्रयोगशाला भेजी थी। जिसकी रिपोर्ट आनी बाकी है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा से रिपोर्ट नहीं आने के कारण मामला लटका हुआ है।
थाना प्रभारी शिववीर सिंह भदौरिया का कहना है कि फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से बरामद की गई संदिग्ध वस्तुओं को आगरा प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जमींदोज मकानों को बनाने का काम शुरू
विस्फोट में जमींदोज हुए मकानों का मलबा हटाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। बेघर हुए परिवारों की ग्रामीणों तथा समाजसेवियों ने आर्थिक मदद की है। जमींदोज मकानों का निर्माण शुरू कराया जा रहा है। ग्रामीण मकान बनने में पीड़ित परिवार का सहयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शीघ्र ही ध्वस्त हुए मकानों का निर्माण पूरा करा दिया जाएगा ताकि बेघर हुए परिवारों को ठंड से बचाया जा सके।