- दिल्ली रोड होटल मयूर में हुई संगठन की बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। दिल्ली रोड स्थित एक होटल में अग्रसेन वैश्य अग्रवाल सभा मेरठ छावनी की बैठक हुई। इसमें बताया गया कि 17वां वैश्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन 22 फरवरी को पंडित प्यारेलाल शर्मा स्मारक में होगा। इसमें इसमें उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से समाज के युवक-युवतियां पहुंचेंगे। इनके परिचय विवरण की स्मारिका भी प्रकाशित की जाएगी।
मुख्य संयोजक मुकेश अग्रवाल ने बताया कि अभी तक संस्था की ओर से मेरठ सहित लगभग 650 पंजीकरण केंद्र विभिन्न प्रदेशों में बनाए गए हैं। अध्यक्ष सर्वेश नंदन गर्ग ने बताया अभी तक 600 पंजीकरण आवेदन संस्था को प्राप्त हो चुके हैं। पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि 31 जनवरी है। लगभग 3000 आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
महामंत्री अमन गुप्ता ने बताया परिचय सम्मेलन के बाद किसी भी शुभ अवसर पर वैश्य समाज की 11 निर्धन कन्याओं का विवाह संस्था की ओर से भव्यता के साथ कराया जाएगा। मीडिया प्रभारी अंकित गुप्ता ने बताया कि पंजीकरण फॉर्म की जांच के बाद 22 फरवरी को प्रकाशित होने वाली पत्रिका में परिचय सहित प्रकाशित किए जाएंगे। बैठक में सम्मेलन को भव्य बनाने के लिए भी सदस्यों के सुझाव लिए गए।
बैठक में मुख्य रूप से समिति के कोषाध्यक्ष अनिल मित्तल, राजेश अग्रवाल, रामप्रसाद गुप्ता, गौरव गुप्ता, अजय अग्रवाल, संजय बंसल, डॉ प्रफुल्ल राजवंशी, नरेंद्र अग्रवाल, सत्येंद्र अग्रवाल आदि रहे।