ऑल इंडिया वॉलीबाल टूर्नामेंट के फाइनल में रविवार को बीपीसीएल कोच्चि की टीम ने ओएनजीसी देहरादून को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। विजेता और उप विजेता टीम को बिजनौर सांसद कुंवर भारतेंद्र ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विजेता टीम को एक लाख 51 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
रविवार को पहला सेमीफाइनल बीपीसीएल कोच्चि और केरल स्टेट इलेक्ट्रिक सिटी बोर्ड के बीच हुआ। मैच का शुभारंभ मवाना शुगर मिल के गन्ना प्रबंधक प्रमोद बालियान एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री जगबीर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मैच में बीपीसीएल कोच्चि ने 21-25, 27-25, 25-15, 25-19 से जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में ओएनजीसी और कर्नाटक की टीम के बीच मुकाबला हुआ। मैच में चार सेट में मुकाबला होना था। तीन सेट में ओएनजीसी और कर्नाटक की टीम के बीच स्कोर 24-26, 28-26, 25-20 रहा। चौथे सैट में कर्नाटक की टीम रेफरी के निर्णय का विरोध करते हुए मैदान से चली गई। इस पर ओएनजीसी टीम को फाइनल में भेज दिया।
फाइनल मुकाबला बीपीसीएल कोच्चि और ओएनजीसी देहरादून के बीच हुआ। शुभारंभ सांसद कुंवर भारतेंद्र, भाजपा नेता दिनेश खटीक, रालोद के वेस्ट यूपी संगठन प्रभारी डॉ. राजकुमार सांगवान और डिप्टी कमिश्नर आरएल धामा ने किया। आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष विशाल मलिक ने बताया कि फाइनल मैच में बीपीसीएल ने ओएनजीसी को 25-17, 23-25, 25-16, 25-17 से पराजित कर ट्राफी पर कब्जा जमा लिया। आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि विजेता टीम को एक लाख 51 हजार रुपये तथा ट्राफी, उप विजेता टीम को एक लाख एक हजार रुपये नकद प्रदान किए गए। बेस्ट खिलाड़ी विजेता टीम के अजीत लाल चुने गए। मैच रेफरी राजेंद्र बहादुर यादव, विनय कुमार सिंह, अजय कुमार वर्मा, अजय सिंह चंदेल, निशांत शर्मा, स्कोरर सी पी सिंह रहे। आयोजन में बंटी सांधन, ज्ञानेंद्र चौधरी, आनंद पाल मैनेजर, प्रधान शौ सिंह, प्रधान परविंदर, विमल चौधरी, अशोक अस्सा, बाबूराम धामा, राहुल, तनुज, हरदयाल सिंह, सोनू, संदीप राणा, सतीश एडवोकेट आदि रहे। पवन जैकरे, विजय सिंह आदि का सहयोग रहा।
खिलाड़ी चोटिल ः ओएनजीसी और कर्नाटक के बीच हुए मैच में ओएनजीसी का खिलाड़ी मंजीत सीधे हाथ में चोट लगने से घायल हो गए। इस कारण उन्हें मैच से बाहर बैठना पड़ा। उनके स्थान पर अतिरिक्त खिलाड़ी ने प्रतिभाग किया।