एम डी ए द्वारा दी गई तहरीर के विरोध में थाने में धरना देते भाकियू कार्यकर्ता ठेकेदार व लेबर के
मवाना। मेरठ विकास प्राधिकरण के उप प्रभारी प्रवर्तन द्वारा थाने में तहरीर देकर सील तोड़कर नियम विरुद्ध सात लोगों पर अवैध रूप से निर्माण करने का आरोप लगाया है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, भाकियू कार्यकर्ताओं ने ठेकेदार व लेबर के साथ एमडीए द्वारा दी गई तहरीर के विरोध में थाने में धरना दिया। सीओ से फोन पर वार्ता कर आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त किया।
निर्माण कार्य करने वाले शहजाद ने थाने में मंगलवार को तहरीर देकर एमडीए के अधिकारी आदि पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। वहीं, बुधवार को एमडीए उप प्रभारी प्रवर्तन जितेंद्र कुमार ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि अवैध निर्माण करने पर 25 जुलाई को निर्माण स्थल को सील किया गया था, लेकिन सील को तोड़कर निर्माण किया जा रहा था। 29 जुलाई को क्षेत्रीय उप प्रभारी प्रवर्तन, मैट, सुपरवाइजर आदि स्थल पर पहुंचे तो वहां मौजूद सात लोगों ने होमगार्ड व टीम के साथ गाली गलौज की। वर्दी फाड़ने का प्रयास करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इसके बावजूद स्थल को पुन: सील कर दिया। तहरीर में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एमडीए द्वारा तहरीर दिए जाने का पता लगने पर ठेकेदार भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचा और धरने पर बैठ गया। कार्यकर्ताओं की मांग थी कि शहजाद की तहरीर पर एमडीए अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाए। भाकियू नेता नरेश चौधरी की सीओ अभिषेक पटेल से फोन पर वार्ता हुई, जिन्होंने जांच कराकर उनकी रिपोर्ट दर्ज कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त किया।