भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के धेवते विश्वास धूहन उर्फ विशु चौधरी का लापता होेने के छह दिन बाद आईटीबीएफ की टीम ने पता लगा लिया। आईटीबीएफ टीम ने परिजनों को बताया कि ड्रोन कैमरे से सर्च ऑपरेशन के दौरान विशू भैरव घाटी की झाड़ियों में फंसा हुआ दिखा। अंधेरा होने की वजह से ऑपरेशन बीच में रोकना पड़ा। मंगलवार को टीम उसे निकाल लेगी।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का धेवता विशू चौधरी पुत्र मुकेश चौधरी निवासी कंकरखेड़ा शिवलोक पुरी छह दिन पहले अपने दोस्त गौरव, निशांत व लक्ष्य के साथ बाइक से गंगोत्री गया था। वहां पहाड़ी पर चढ़ाई के दौरान भैरव घाटी में जा गिरा था। सेना ने उसके दोस्त निशांत को बचा लिया था, लेकिन विशू का कोई सुराग नहीं लगा था। पिछले पांच दिनों से सेना विशू की तलाश में जुटी थी। सोमवार को आईटीबीएफ टीम ने ड्रोन कैमरे से सर्च ऑपरेशन चलाया। शाम करीब छह बजे ड्रोन कैमरे में विशू झाड़ियों पर पड़ा नजर आया। परिजनों के अनुसार सेना के जवानों ने उन्हें बताया कि विशू ट्रेस हो गया है। वह एक हजार फीट की ऊंचाई से गिरकर झाड़ियों में अटक गया। उससे करीब 150 फीट नीचे नदी है। देखने से प्रतीत होता है कि विशू बेहोश है। बाकी उसे वहां से उठाने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। सेना ने बताया कि अंधेरा होने की वजह से आपरेशन रोकना पड़ा। मंगलवार दिन निकलते ही विशू को निकाल लिया जाएगा।
इकलौते चिराग का पता चलते ही फफक उठे परिजन
सुबह से शाम तक चले सर्च आपरेशन के बाद सेना ने परिजनों को बताया कि विशू ट्रेस हो गया है। यह सुनकर परिजन फफक पड़े। सभी विशू की सलामती की दुआ कर रहे हैं। विशू के दोस्त भी उसके मिलने सूचना पर रो पड़े। विशू की मां लगातार दुर्गा पाठ कर रही हैं।